हिमाचल की बेटी के लिए क्रिकेटर सहवाग का Tweet, बोले...

Monday, Jul 18, 2016 - 01:45 PM (IST)

मंडी: हिमाचल की बेटी और पार्श्व गायिका शिवरंजनी सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छा गई हैं। इन दिनों उसकी आवाज का जादू युवाओं के सिर खूब चढ़कर बोल रहा है। बता दें कि अकेले यू-ट्यूब में अब तक करीब चार लाख लोग शिवरंजनी की आवाज में गाने को सुन चुके हैं। वहीं टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर रहे वीरेंद्र सहवाग भी अपने दोस्त की बेटी की शिवरंजनी सिंह की आवाज के दीवाने हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर अपने प्रशंसकों से पार्श्व गायिका शिवरंजनी सिंह के लिए आशीर्वाद मांगा है। 


जानकारी के मुताबिक वीरेंद्र सहवाग शिवरंजनी के पिता एवं पूर्व क्रिकेटर शक्ति सिंह के दोस्त हैं। सहवाग ने ट्वीट कर शक्ति सिंह की बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इन दिनों मंडी शहर की रहने वाली शिवरंजनी सिंह का गाया नया गाना 'आई वाना तेरा इश्क' खूब धमाल मचा रहा है। वहीं, द कपिल शर्मा शो के सेट पर भी पार्श्व गायिका शिवरंजनी के इस गाने की गूंज सुनाई थी। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने इस गाने पर ठुमके लगाए। सहवाग के ट्वीट के बाद प्रशंसकों का शिवरंजनी के लिए धड़ाधड़ प्यार उमड़ पड़ा। इनमें से कुछ ने तो शिवरंजनी सिंह को पहले से ही स्टार बताया। शिवरंजनी सिंह के पिता शक्ति सिंह ने बताया कि भी वीरेंद्र सहवाग का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बेटी शिवरंजनी पर नाज है।