PICS: अनियंत्रित होकर खेतों में गिरी प्राइवेट बस, 7 बच्चों समेत 16 लोग घायल

Tuesday, Aug 16, 2016 - 10:41 AM (IST)

गोहर (मंडी): हिमाचल के मंडी जिले के समीप सीमाधार में एक प्राइवेट बस के खेतों में गिरने का मामला सामने आया है। हादसे में बस में सवार चालक समेत 16 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 7 बच्चे 2 महिलाएं और 7 पुरुष हैं। सभी घायलों को नागरिक चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। जहां बस चालक और एक छोटे बच्चे को मंडी रेफर किया गया है। एस.डी.एम. गोहर राघव शर्मा ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि यह हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ।


बता दें कि बस नंबर एचपी 65-1712 जंजैहली से मंडी के लिए जंजैहली से सुबह रवाना हुई। जैसे ही बस डडोह के पास सीमाधार पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। बस गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने घायलों को 5 -5 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में प्रदान किए। एस.एच.ओ. गोहर चांद किशोर ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बस 100 मीटर आगे या पीछे से गिरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।