हिमाचल में गुब्‍बारों के गुच्छे के साथ मिले पाकिस्तानी नोट, फैली दहशत

Tuesday, Jan 12, 2016 - 02:24 PM (IST)

गोहर (मंडी): हिमाचल में पाकिस्तानी नोट मिलने से सनसनी फैल गई है। आपको बता दें कि मंडी के गोहर उपमंडल की चच्योट पंचायत के छवाड़ गांव में सोमवार प्रात: 1 दर्जन से अधिक गुब्बारों के साथ पाकिस्तान की करंसी मिलने से लोगों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन भी सकते में आ गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान भी कलमबद्ध कर लिए हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद गुब्बारों और करंसी को कब्जे में ले लिया है।


एस.एच.ओ. गोहर लाल सिंह ने कहा कि छवाड़ गांव के दिनेश कुमार ठाकुर के मकान के समीप सोमवार प्रात: आसमान से अचानक करीब एक दर्जन गुब्बारों का गुच्छा गिर पड़ा। गुब्बारों को देख दिनेश कुमार खेतों में गया तो उसे गुब्बारों के साथ पाकिस्तान की करंसी बंधी दिखी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गुब्बारों के साथ मिली पाकिस्तानी करंसी को कब्जे में लेकर और स्थानीय लोगों के बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। 


एस.एच.ओ. लाल सिंह ने कहा कि छवाड़ गांव में मिले गुब्बारों में पाकिस्तान का कोई प्रमाण नहीं मिला है मगर गुब्बारों के साथ बंधी करंसी पाकिस्तान की है, जिसके बारे मेें छानबीन की जा रही है। गुब्बारों का गु‘छा कहां से आया और इसे किसने भेजा है इसके बारे में पुलिस गहनता से छानबीन में जुट गई है। क्षेत्र के छवाड़, शाह, मंडोगलू, चैलचौक, गोहर, गणई, बासा कुटाहची और बाढू समेत आसपास के क्षेत्र में गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी करंसी मिलने से सनसनी का माहौल है। करंसी नकली है या असली इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।