कांग्रेस भी बोली जयराम सी.एम. की राइट च्वाइस

Saturday, Dec 23, 2017 - 02:11 PM (IST)

मंडी : मंडी जिला से मुख्यमंत्री बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। भाजपा के तमाम संगठनों और सहयोगी संस्थाओं के अलावा अब कांग्रेस के पदाधिकारी भी खुले तौर पर मंडी से मुख्यमंत्री बनाने की मांग को उचित ठहरा रहे हैं। कांग्रेस के कुछ संगठन नेताओं ने यहां जारी बयान में कहा है कि जनादेश का सम्मान कर भाजपा हाईकमान को मुख्यमंत्री के पद पर तुरंत वरिष्ठ नेता जयराम ठाकुर की ताजपोशी करनी चाहिए। मंडी जिला की जनता इस बार अन्याय सहन नहीं करेगी। अगर भाजपा नेतृत्व ने अन्याय करने की कोशिश की तो इसका खमियाजा उसे आने वाले समय में भुगतना पड़ सकता है। जिस व्यक्ति को जनता नकार चुकी है, उसे मुख्यमंत्री का पद सौंपना जनादेश का अपमान करने के समान होगा।

किसी भी राजनीतिक दल ने मध्य क्षेत्र से मुख्यमंत्री नहीं बनाया
दलित पिछड़ा वर्ग के संयोजक चमन राही, कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सुंदरनगर जिला के सचिव सरदार हंसपाल सिंह, वाल्मीकि समाज सुधार समिति के संस्थापक चंद्रवीर कांगरा, कोली सुधार सभा के प्रचार सचिव खूबे राम चौहान और अशोक कुमार ने एक संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मांग करते हुए कहा कि लंबे समय से प्रदेश के मध्य क्षेत्र की अनदेखी की जा रही है। विधानसभा के लिहाज से मंडी जिला प्रदेश का दूसरा बड़ा जिला है। किसी भी राजनीतिक दल ने मध्य क्षेत्र से मुख्यमंत्री नहीं बनाया है। मंडी जिला से मुख्यमंत्री बनाने की मांग कई दशकों से चली आ रही है।

इस बार जिला की जनता ने जो एकतरफा जनादेश दिया
ठाकुर कर्म सिंह, पंडित सुखराम और ठाकुर कौल सिंह ने प्रयास किए, लेकिन दूसरे जिलों के नेताओं के दखल के कारण कामयाबी नहीं मिल पाई, लेकिन इस बार जिला की जनता ने जो एकतरफा जनादेश दिया है, उसे ध्यान में रखते हुए जयराम ठाकुर की मुख्यमंत्री के पद पर ताजपोशी करनी चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं ने भी नाम न छापने की शर्त पर कहा है कि यह मौका मंडी को नहीं गंवाना चाहिए, क्योंकि जनता ने स्पष्ट जनमत भाजपा को दिया है, लिहाजा यहां से मुख्यमंत्री का बनना मंडीवासियों का हक बनता है।