अनुराग ठाकुर ने धर्मपुर में भारी बारिश से हुए नुकसान का मुद्दा उठाया संसद में

Monday, Aug 10, 2015 - 05:24 PM (IST)

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के धर्मपुर में भारी बारिश के कारण हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत होने का मामला आज लोकसभा में उठाते हुए भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र की अपनी ही पार्टी की सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार भी मामले में पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।  


अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में आई बाढ़ और आेडिशा में आए हुदहुद तूफान से प्रभावित इलाकों की केंद्र ने पर्याप्त सहायता की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब हिमाचल प्रदेश की बात आती है तो न प्रदेश सरकार सहायता को आगे आती है और केंद्र सरकार भी उतना ध्यान नहीं देती जितना उसे देना चाहिए।  


भाजपा सदस्य ने कहा कि झारखंड के देवघर में एक मंदिर में हुए हादसे में 11 लेागों की मौत पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अभी सदन में बयान दिया। अच्छा होता यदि वह हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित लोगों के बारे में भी कोई बात करते। अनुराग सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के धर्मपुर में आठ अगस्त को भारी बारिश के कारण 200 दुकानों को नुकसान पहुंचा, बसें बह गईं और करीब 75 घर बर्बाद हो गए। इसमें एक ही परिवार के तीन लोग मारे गए।


उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2014 को भी क्षेत्र में एेसी ही बाढ़ आई थी और विपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल अगले ही दिन प्रभावित इलाके में पहुंच गए लेकिन मुख्यमंत्री कई महीनों बाद वहां गए। अनुराग सिंह ने कहा कि वहां एक साल बीत जाने के बावजूद प्रभावित लोगों को राहत नहीं दी गयी है और केंद्र द्वारा जारी राहत राशि भी नहीं बांटी गई है। उन्होंने ताजा बाढ़ से प्रभावित धर्मपुर की पांच पंचायतों को तुरंत सहायता और मारे गए लोगों के परिजनों को पांच पांच लाख रूपये मुआवजा दिए जाने की मांग की।