सत्ती बोले- PGI सैटेलाइट सैंटर की स्थापना पर कांग्रेस ने डाला था अड़ंगा

Monday, Jan 22, 2018 - 09:31 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया है कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा द्वारा घोषित पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर की स्थापना पर भी अड़ंगा लगाया था। रविवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर पूर्व सरकार ने इसमें गतिरोध पैदा न किया होता तो अब तक इस सैंटर की स्थापना का काम शुरू हो गया होता। सत्ती ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पूर्व सरकार ने पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर के लिए चयनित की गई जगह के लिए बनने वाली सड़क की जमीन को अधिग्रहण करने के लिए केंद्र से ही धनराशि दिए जाने की मांग कर अपनी तरफ से पल्ला झाड़ लिया था। 


उन्होंने कहा कि अब प्रदेश सरकार इस पूरी औपचारिकता को स्वयं पूरा करेगी। इसके अतिरिक्त करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होने वाले मदर चाइल्ड हैल्थ सैंटर को भी शीघ्र आरंभ करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जे.पी. नड्डा और सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से यह 2 बड़े प्रोजैक्ट ऊना को मिले हैं। इन्हें तय अवधि में पूरा करवाया जाएगा। सत्ती ने कहा कि विस चुनावों में मिली प्रचंड जीत के बाद भाजपा लोकसभा की चारों सीटों पर जीत हासिल करने के लिए अभी से ही अभियान शुरू करेगी। इसके लिए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है और उसमें इसका खाका तैयार किया जाएगा।