3 दिन बाद लाहौल में बहाल हुई टैक्सी सेवाएं, लोगों ने ली राहत की सांस

Sunday, Jan 21, 2018 - 12:34 PM (IST)

मनाली : लाहौल घाटी में 3 दिन बाद टैक्सी सेवाएं शुरू हो गई हैं। घाटी में टैक्सी सेवाएं बहाल हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। लाहौल घाटी में एकमात्र पैट्रोल पंप भी बंद कर दिया गया था जिस कारण वाहन चालकों को डीजल व पैट्रोल नहीं मिल रहा था। समाचार पत्र ने लाहौल घाटी के लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाया और लाहौल घाटी में पैट्रोल-डीजल न मिलने से टैक्सी सेवाएं बंद नामक शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर इस समस्या को प्रशासन और सरकार के ध्यान में लाया था।

घाटी वासियों ने ली राहत की सांस 
बर्फबारी पडऩे से लाहौल घाटी में टैक्सी सेवाएं अपने आप ही बंद हो जाती थीं लेकिन इस बार बर्फबारी न होने से बी.आर.ओ. ने लाहौल घाटी की सभी मुख्य सड़कों केलांग-उदयपुर, केलांग-दारचा और केलांग-सिस्सू को बहाल रखा है। घाटी में टैक्सी सेवा जारी थी लेकिन डीजल-पैट्रोल न मिलने के कारण गाड़ियों के पहिए जाम हो गए थे। टैक्सी यूनियन केलांग शाखा के प्रधान सुरेश, वाहन चालक दोरजे और अशोक ने कहा कि डीजल मिलने से घाटी वासियों ने राहत की सांस ली है।