हिमाचल में जल्द शुरू होगी HRTC की इलैक्ट्रिक टैक्सी

Monday, Jan 22, 2018 - 11:52 AM (IST)

शिमला: प्रदेश में जल्द एच.आर.टी.सी. की इलैक्ट्रिक टैक्सी सेवा जल्द शुरू होने जा रही है। इसके लिए बकायदा प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा हरी झंडी दिखाने की तैयारी की जा रही है। इलैक्ट्रिक टैक्सी व बस सेवा को शुरू करने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन द्वारा योजना तैयार कर ली है और इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री से समय मिलते ही इसे शुरू किया जाएगा। इस बस सेवा शुरू करने के लिए हालांकि अभी तक कुछ रूट परिवहन विभाग में लंबित हैं और जैसे ही प्रदेशभर में सभी रूटों के लिए परमिट जारी होंगे यह सेवा प्रदेश में शुरू की जाएगी। 


उल्लेखनीय है कि पूर्व सरकार के समय हिमाचल पथ परिवहन निगम में 50 सेवन सीटर टैक्सियों सहित 25 इलैक्ट्रिक बसों के खरीद प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि इलैक्ट्रिक टैक्सियों की खेप प्रदेश में पहुंच चुकी है लेकिन अभी तक 6 ही इलैक्ट्रिक बसें प्रदेश मे पहुंच पाई हैं, ऐसे में अभी बाकि बसें भी बहुत जल्द प्रदेश में पहुंच जाएंगी। यहां टैक्सियों के संचालन को लेकर 19 सितम्बर को हुई बी.ओ.डी. की बैठक में इनका किराया भी निर्धारित किया गया था। 


बी.ओ.डी. की बैठक में सात किलोमीटर तक का किराया 10 रुपए निर्धारित किया गया था। इसके साथ ही 15 किलोमीटर तक का 15 रुपए और इससे ऊपर 20 किलोमीटर तक का किराया 20 रुपए तक निर्धारित किया गया है। इनमें से एक टैक्सी का रूट भी पूर्व में निर्धारित कर दिया गया था। बी.ओ.डी. की बैठक में एक इलैक्ट्रॉनिक टैक्सी सी.टी.ओ. से प्रदेश विश्वविद्यालय तक चलाने की घोषणा की थी। शहर के विभिन्न रूटों पर चलने वाली इन टैक्सियों से जहां शहरी क्षेत्रों में जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी वहीं इन टैक्सियों के चलने से शहर में प्रदूषण भी कम होगा।