धूमल ने की मोदी सरकार की प्रशंसा, कहा-वायदों से ज्यादा काम करके दिखाया

Sunday, Jan 21, 2018 - 12:51 AM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार ने जो चुनावों के समय वायदे किए थे, उन्हें 5 वर्षों के भीतर पूरा करने के साथ ही ऊना से हमीरपुर तक रेल लाइन के लिए 2,850 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा कर वायदों से ज्यादा काम करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व के चलते आज दुनिया भर के देश भारत का सम्मान कर रहे हैं और भारत के साथ दोस्ती बढ़ाना चाहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार को अपने विस क्षेत्र सुजानपुर के पुराने बमसन के गवारड़ू, लोहाखर, छत्रैल, चारियां दी धार व ऊटपुर ग्राम केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

पूरी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी है भाजपा
उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए मतदान केंद्र व ग्राम केंद्र को सुदृढ़ करना बेहद जरूरी है तथा आज सभी कार्यकर्ता उस भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं जोकि पूरी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हर माह बैठकें सुनिश्चित की जाएं तथा नए कार्यकत्र्ताओं और महिलाओं को मतदान केंद्र की कार्यकारिणी से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जो कमी सुजानपुर विस क्षेत्र में विस चुनावों में रह गई है उसे दूर करने के लिए आत्मचिंतन के साथ ही आगे बढऩे के लिए एकजुट होना होगा तथा दुष्प्रचार से भी बचना होगा। 

लोकसभा चुनावों में दूर करनी है विस चुनावों की कमी  
उन्होंने कहा कि विस चुनावों की कमी को 2019 लोकसभा चुनावों में दूर करना है इसलिए कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार ने बुजुर्गों के लिए सामाजिक पैंशन की आयु सीमा 70 वर्ष कर दी है तथा कार्यकर्ता हर गांव में जाकर 70 वर्ष की आयु वाले बुजुर्गों को पैंशन उपलब्ध करवाने का प्रयास करें। इस दौरान भाजपा नेता प्यारे लाल शर्मा, अजय शर्मा, कमलेश परमार, मंडलाध्यक्ष कै. रणजीत सिंह व महामंत्री पवन शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।