हिमाचल में लाखों APL परिवारों के आटे के कोटे में हुआ परिवर्तन, जानिए क्या?

Sunday, Nov 12, 2017 - 03:17 PM (IST)

शिमला: प्रदेश के लाखों ए.पी.एल. परिवारों को अब एक किलो अतिरिक्त आटे का कोटा मिलेगा। सरकार ने ए.पी.एल. परिवारों के आटे का कोटा बढ़ा दिया है। दिसम्बर माह से प्रदेश के 12 लाख से अधिक ए.पी.एल. परिवारों को 12 किलो आटा प्रति परिवार दिया जाएगा। केंद्र सरकार ने अगले माह के लिए आटा व चावल का आबंटन कर दिया है। हालांकि चावल के कोटे में सरकार ने कोई परिवर्तन नहीं किया है। उपभोक्ताओं को पहले की तरह 6 किलो चावल प्रति राशनकार्ड मिलेंगे, जबकि आटे का कोटा एक किलो प्रति परिवार बढ़ाया गया है। इस महीने ए.पी.एल. परिवारों को 11 किलो आटा और 6 किलो चावल प्रति राशनकार्ड दिए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने ए.पी.एल. परिवारों के लिए 16,984 मीट्रिक टन गेहूं सहित 8,322 मीट्रिक टन चावल का आबंटन किया है। इसके अतिरिक्त एन.एफ.एस.ए. के तहत सस्ते राशन की सुविधा ले रहे उपभोक्ताओं के लिए 9,900 मीट्रिक टन गेहूं व 6,956 मीट्रिक टन चावल का आबंटन किया गया है।

1 किलो तक बढ़ा आटे का कोटा
ए.पी.एल. परिवारों को दिए जाने वाले आटे के कोटे में 1 किलो की बढ़ौतरी हुई है। केंद्र सरकार ने पिछले साल दिसम्बर माह में प्रदेश को मिलने वाला गेहूं का कोटा बंद कर दिया था, जिस कारण ए.पी.एल. परिवारों को डिपुओं में 3 महीने तक आटे का कोटा नहीं मिला। इसकी जगह ए.पी.एल. परिवारों को प्रति परिवार 18 किलो चावल दिए गए, लेकिन अप्रैल माह में केंद्र ने फिर से गेहूं का आबंटन करना शुरू कर दिया। इस तरह से अप्रैल में ए.पी.एल. परिवारों को 9 किलो आटा प्रति परिवार दिया गया। इसके बाद इसमें लगातार बढ़ौतरी की गई, जो अब 12 किलो प्रति परिवार कर दी गई है।