निर्धारित समय पर ही होंगे चुनाव: वीरभद्र

Monday, Jun 27, 2016 - 09:22 AM (IST)

कुल्लू: पूर्व मुख्यमंत्री शायद ज्योतिषी ही हैं लेकिन प्रदेश में विधानसभा चुनाव निर्धारित समय पर ही होंगे। हिलोपा और भाजपा के एक हो जाने के बाद भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कांग्रेस दोबारा सत्ता में काबिज होगी और प्रदेश के विकास कार्यों को गति देगी। ये शब्द मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रोट और भलाण-2 में वाटर सप्लाई स्कीम के शिलान्यास मौके पर पत्रकारों से कहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण पानी की समस्या से जूझ रहे थे लेकिन अब ग्रामीणों की यह समस्या शीघ्र ही समाप्त हो जाएगी। इस योजना पर 1 करोड़ 12 लाख रुपए खर्च होंगे। तलाड़ा पुल के निर्माण के बाद शीघ्र ही दोनों गांवों की ओर जाने वाली सड़क का भी निर्माण करवाया जाएगा।

 

कुल्लू में रघुनाथ मंदिर के अधिग्रहण मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मंदिरों का अधिग्रहण नहीं करती बल्कि व्यवस्था का सुधार करती है। गऊओं को खुले में छोडऩे पर मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि लावारिस गऊएं नहीं हैं बल्कि वे लोग हैं जो गऊओं को घर से बाहर निकाल देते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस पर गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है। सरकार पशुओं के मालिकों की जानकारी देने वाले डिवाइस पशुओं पर लगाने पर विचार कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि धन की कमी के चलते प्रत्येक पंचायत में अलग से गौसदन खोलना संभव नहीं है, ऐसे में सरकार ने समूह गौसदन बनाने की नीति बनाई है। जहां कई पंचायतें अथवा विधानसभा क्षेत्रों के त्यागे हुए पशुओं को रखा जा सकेगा। गऊशालाओं के लिए 10 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। गौ संवद्र्धन बोर्ड का अध्यक्ष मुख्यमंत्री होता है तथा प्रदेश में बोर्ड गऊशालाएं बनाएगा। वहीं ऐसे लोगों को आर्थिक सहायता देगा, जो गऊशालाएं खोलना चाहते हैं।

 

भुंतर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि विस्तारीकरण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी लेकिन निजी भूमि की खरीद भी करनी होगी। केंद्र से कश्मीर की तर्ज पर हवाई सेवाओं में सबसिडी की मांग रखी गई है, जिससे हिमाचल के पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। ढालपुर में बनाए जाने वाले रिंग रोड के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ स्थानों पर निजी भूमि आने के कारण कार्य में विलंब हुआ है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डीसी कुल्लू को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। इस दौरान आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।