रोहतांग जाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस प्रशासन ने कसा शिकंजा, जानिए क्यों?

Monday, Jun 06, 2016 - 10:53 AM (IST)

मनाली: नियमों को ताक पर रखकर रोहतांग जाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। गौरतलब है कि कई वाहन चालक लाहौल जाने का परमिट लेकर रोहतांग घूम कर वापस आ रहे हैं। बता दें कि एन.जी.टी. के आदेशानुसार प्रतिदिन 1200 वाहन चालकों को रोहतांग जाने का परमिट दिया जा रहा है, जिसमें 400 वाहन डीजल और 800 वाहन पैट्रोल के जा रहे हैं। कुछ वाहन चालक चालाकी से लाहौल का परमिट लेकर रोहतांग घूम कर वापस आ रहे हैं।


18 मई से अब तक 98 ऐसे वाहन चालकों के चालान किए गए हैं जोकि रोहतांग जाने के लिए सभी मानकों को पूरा नहीं करते थे व नियमों को अनदेखा कर रहे थे। एन.जी.टी. के आदेशों को धरातल पर उतारने के लिए पुलिस ने लाहौल के नाम पर रोहतांग घूमने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। एस.डी.एम. मनाली ज्योति राणा ने बताया कि एन.जी.टी. के आदेशों को मनाली में प्रशासन द्वारा सख्ती से लागू किया जा रहा है।


आदेशों की अवहेलना करने वाले किसी भी वाहन चालक को नहीं बख्शा जाएगा। इसके लिए पुलिस और पर्यटन विभाग आपस में तालमेल बनाए हुए हैं। लाहौल के नाम पर रोहतांग तक जाने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए 77,800 रुपए का राजस्व वसूला गया है। काटे गए 98 चालान में से 77 वाहन चालकों से जुर्माना वसूल किया गया है जबकि 21 चालान कोर्ट में पेश किए गए हैं।