यहां विसर्जित की जाएंगी अशोक सिंहल की अस्थियां

Monday, Nov 23, 2015 - 10:01 AM (IST)

कुल्लू: विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल की अस्थियों को लाहौल-स्पीति में बहने वाली चंद्रभागा नदी के संगम में 28 नवम्बर को विसर्जित किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि 23 नवम्बर से स्व. अशोक सिंघल के अस्तु कलश को दर्शनों हेतु पूरे हिमाचल में जगह-जगह आम जनता के लिए लाया जाएगा। 28 नवम्बर को लाहौल-स्पीति में चंद्रभागा नदी के संगम पर बौद्ध और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। यह सारा कार्यक्रम लाहौल-स्पीति के रहने वाले डा. चंद्र मोहन परशीरा के नेतृत्व में किया जाएगा।

 

डा. चंद्र मोहन परशीरा ने बताया कि  लाहौल-स्पीति वासियों के लिए यह अत्यंत गौरव की बात है कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक और सामाजिक नेता स्व. अशोक सिंघल की अस्थियों के विसर्जन के लिए विश्व हिंदू परिषद ने लाहौल की इस पौराणिक नदी को चुना। इससे न केवल चंद्रभागा संगम का धार्मिक महत्व विश्व भर में उजागर होगा बल्कि भविष्य में इससे पर्यटन की भी अपार संभावनाएं उभरेंगी। महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि इस आयोजन में अनेक  साधु महात्माओं और बौद्ध लामाओं के साथ विश्व हिंदू परिषद के कई नेता भी शामिल होंगे।