डिपुओं के चक्कर काट उपभोक्ता हो रहे परेशान, नहीं मिल रहा राशन

Wednesday, Jul 27, 2016 - 11:00 AM (IST)

नगवाईं: जुलाई महीने की 26 तारीख बीत जाने के बाद भी स्नोरवासियों को सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। स्नोर के अधिकांश सरकारी डिपुओं में मिलने वाला सस्ता राशन पिछले कुछ महीनों से समय पर नहीं मिल रहा है। बता दें कि कभी दाल मिले तो चावल नहीं मिलते।


दाल, चावल आ गए, तो आटा, रिफाइंड के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। महीने में कई बार चक्कर काटने के बाद भी लोग खाली हाथ ही लौट रहे हैं। ऐसा देख अब स्थानीय जनता में सरकार के प्रति रोष देखा जा रहा है। मंडी सदर के लगभग 32 डिपो धारकों को सरकारी राशन बालीचौकी सिविल सप्लाई से लेना पड़ता है। जुलाई महीना निकल जाने के बाद भी राशन की दुकानों पर ताले ही लटके रहते हैं। एक राशन कार्ड पर मात्र छह किलो चावल व तेरह किलो आटा, चीनी तो मात्र छह सौ ग्राम मिलती है।


इस महंगाई में क्या पांच व्यक्तियों के परिवार का गुजारा इस से हो सकता है। उधर, बालीचौकी सिविल सप्लाई प्रभारी ठाकर आलम चंद ने बताया कि क्षेत्र में चीनी और तेल की दिक्कतें जो पेश आ रही हैं, उसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। साथ ही जो आटा, चावल की दिक्कत है, वह भी हल होगी।