रोहतांग में 2 फुट बर्फबारी

Friday, Nov 27, 2015 - 06:33 PM (IST)

कुल्लू: कुल्लू, मनाली और लाहौल की पहाडिय़ों में वीरवार सुबह निचले इलाकों में बारिश तथा ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। लाहौल के प्रवेश द्वार रोहतांग में करीब 2 फुट बर्फ गिरने से यातायात बंद रहा। कोकसर में 10 इंच, केलांग में 2 इंच तथा मनाली के हुनमान टिब्बा, हामटा, भृगु जोत व चंद्रखनी आदि कई पहाडिय़ों पर हिमपात हुआ है। जलोड़ी दर्रा में करीब 1 फुट बर्फ गिरने से बंजार उपमंडल के सोझा से आगे वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। इस कारण लाहौल तथा आनी जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

बीआरओ के कमांडर पी. राजेन्द्र ने कहा कि लाहौल-स्पीति के लिए यातायात को सुचारू रूप से रखने के लिए रोहतांग दर्रा पर बीआरओ की टीम बर्फ हटाने में जुटी हुई है। बीआरओ का प्रयास रहेगा कि वीरवार देर शाम तक मार्ग यातायात के लिए बहाल हो। घाटी में बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।