महिला को अनजान व्यक्ति से मदद लेनी पड़ी महंगी

Tuesday, Oct 18, 2016 - 08:38 PM (IST)

देहरा: देहरा स्थित यूको बैंक के एटीएम में एक अज्ञात व्यक्ति ने कार्ड बदलकर महिला को 46,500 रुपए की चपत लगा दी। मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला बाजार से सामान लेने देहरा आई थी। उसने यूको बैंक के एटीएम से पैसे निकालने का प्रयास किया लेकिन किन्हीं तकनीकी कारणों के चलते पैसे नहीं निकल पाए।


एटीएम पर ही खड़े अज्ञात व्यक्ति ने महिला से पैसे निकाल देने की पेशकश की जिस पर महिला ने अपना कार्ड उक्त व्यक्ति को थमा दिया लेकिन उक्त व्यक्ति ने बहाने से महिला का कार्ड बदल दिया व पैसे नहीं निकलने का बहाना बनाकर दूसरा कार्ड महिला को लौटा दिया। कार्ड बदले जाने से बेखबर महिला किसी अन्य बैंक में पैसे निकलवाने चली गई और इसी बीच उक्त व्यक्ति ने महिला के खाते से 15 हजार रुपए नकद निकाल लिए व बाकी पैसा अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिया, जिसे उसने कांगड़ा जाकर निकाल लिया।


इस दौरान महिला के खाते से कुल 46,500 रुपए निकल गए, जिसका संदेश मोबाइल में आते ही महिला के होश उड़ गए और वह तुरंत पुलिस के पास पहुंची। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टिï डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने की है।