ट्राला पुल से टकराया, 30 घंटे यातायात बंद

Saturday, Oct 01, 2016 - 01:11 AM (IST)

भवारना: भवारना-लम्बागांव मार्ग पर रात को लगभग 12 बजे मालनू में टाइलों से भरा ट्राला पुल के साथ जा टकराया जिससे इस मार्ग पर 30 घंटे तक यातायात बंद रहा। यह ट्राला लम्बागांव में टाइलों की डिलीवरी के लिए जा रहा था।


बताया जा रहा है कि पुल के पास मोड़ काटते समय ट्राला अनियंत्रित हो गया जिससे उसका पिछला हिस्सा पुल के साथ अटक गया। ट्राले की टक्कर से पुल की रेलिंग को काफी नुक्सान हुआ है। इस घटना से भवारना-लम्बागांव पर रात से ही यातायात पूरी तरह बंद हो गया। शुक्रवार सुबह स्कूल व कालेज जाने वाले बच्चों और कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ी। लोगों नें भवारना जाने के लिए वाया भोडा-बारी रूट और पालमपुर जाने के लिए मनियाड़ा-पाहड़ा रूट का वैकल्पिक रूप से इस्तेमाल किया।


ट्राले को निकालने की कई बार कोशिश की गई लेकिन ट्राला अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। शुक्रवार शाम को 6 बजे पुलिस ने ट्राले को क्रेन की सहायता से हटाया तब जाकर इस मार्ग पर यातायात बहाल हुआ। लोनिवि के अधिकारियों और पुलिस ने भी मौके का दौरा किया। इस बारे डीएसपी विकास धीमान ने बताया कि पुलिस ने मौके का दौरा किया है तथा ट्राले को क्रेन की सहायता से हटा कर यातायात बहाल करवा दिया गया है।