आपसी रंजिश खूनी संघर्ष में बदली, एक घायल

Saturday, Sep 10, 2016 - 08:36 PM (IST)

पंचरुखी: 2 युवकों की आपसी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई, ऐसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला पुलिस में दर्ज कर लिया गया है। गत शुक्रवार 2 युवक राजपुर चौक में किसी बात पर आपस में उलझ पड़े तथा विवाद मारपीट में बदल गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को छुड़वाया लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई।

 

एक युवक ने अपने साथियों सहित हथियारों से लैस होकर देर सायं दूसरे युवक को बनोटू मंदिर के पास दबोचा और हमला कर दिया। युवाओं ने सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ उसे बीच सड़क पर जमकर पीटा तथा मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। उक्त युवक व उसके साथी दूसरे युवक को गंभीर रूप से घायल कर तथा हथियार फैंक कर वाहन में चंपत हो गए।

 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को अस्पताल पहुंचाया और मामला दर्ज कर घायल का मैडीकल करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 4 युवक एक कार में सवार होकर बनोटू पहुंचे और एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया तथा हॉकी व डंडों से वार किए और पुलिस के आने पर भाग गए। हालांकि इस घटना में क्रॉस केस दर्ज हुआ है। एसएचओ गुरवचन सिंह ने कहा कि क्रॉस मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।