''हर हिमाचली के सिर 62,000 का कर्ज, सरकार कुर्सी बचाने में लगी''

Saturday, Sep 24, 2016 - 05:05 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): भाजपा की चार्जशीट कमेटी के सदस्य और विधायक रविन्द्र सिंह रवि ने प्रदेश कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के 46 महीने के कार्यकाल में माफिया राज को चारों और से बढ़ावा मिला है और प्रदेश आर्थिक तौर पर खोखला हो चुका है। 


जानकारी के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश सरकार पर 50 हजार करोड़ रुपए का ऋण है और प्रदेश की वर्तमान जनसंख्या 72 लाख है यानी हर हिमाचली पर 62 हजार रुपए का कर्ज है लेकिन सरकार के मुखिया और उनके मंत्री केवल मात्र कुर्सी बचाने को लगे हैं। रवि ने सुधीर शर्मा को पूछा, कांग्रेस सरकार के मंत्री बताएं कि वे कौन सी नई योजनाएं लेकर आए हैं। रविन्द्र सिंह रवि ने कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र सरकार का धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार को कई तोहफे दिए हैं लेकिन आज दिन तक किसी मंत्री ने केंद्र सरकार का धन्यवाद नहीं किया। 


रवि ने सुधीर शर्मा से पूछा कि वह आसपास की जिन पंचायतों को स्मार्ट बनाने की घोषणा कर रहे हैं वह कौन सी है। मंत्री को इस पंचायतों के नाम सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना की औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए प्रस्ताव में शाहपुर विधानसभा, नगरोटा बागबां विधानसभा और कांगड़ा विधानसभा क्षेत्रों की पंचायतों को इसमें शामिल किया गया है लेकिन यहां की ग्रामीण क्षेत्र की जनता को गुमराह क्यों किया जा रहा है।