जायदाद के लिए नाना पर किया चाकू से हमला

Saturday, Oct 31, 2015 - 10:57 PM (IST)

कांगड़ा: कांगड़ा में एक कलियुगी दोहते ने जायदाद के लिए रिश्ते तार-तार कर दिए। मकान को अपने नाम करवाने के लिए दोहता इतना उताबला हो गया कि उसने नानुकर करने वाले नाना पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार कांगड़ा के वार्ड नं. 4 में रहने वाले हरि राम को उसके दोहते ने चाकू मार कर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि हरि राम की बेटी की शादी नगरोटा बगवां में हुई थी तथा उसकी बेटी का बेटा गोल्डी अपने नाना के पास कांगड़ा में रहता था। गोल्डी ने अपने नाना हरि राम से मकान को उसके नाम करवाने के लिए कहा और जब उसके नाना ने गोल्डी की बात नहीं मानी तो उसने चाकू से उन पर वार कर दिए। इस दौरान हरि राम के नाक पर चाकू से चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

 

पुलिस अभी तक गोल्डी को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। वहीं पुलिस थाना कांगड़ा में धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक कांगड़ा अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।