CPS ने धूमल पर साधा निशाना, बोले- ''एल.आई.सी. एजैंट कैसे बना करोड़पति''

Saturday, Apr 16, 2016 - 09:06 AM (IST)

धर्मशाला: एक एल.आई.सी. एजैंट आखिर करोड़ों रुपए की सम्पत्ति का मालिक कैसे बन सकता है इसलिए धूमल यह बताएं कि आखिर ऐसा कौन सा तरीका है जिससे एल.आई.सी. एजैंट करोड़पति बन सके। यह बात सी.पी.एस. (शिक्षा) नीरज भारती ने शुक्रवार को धर्मशाला में पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जन्म से ही राजा हैं और उनके पास करोड़ों रुपए की सम्पत्ति होना जाहिर सी बात है।


उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह करोड़ों रुपए की सम्पत्ति के मालिक हैं जबकि वह एजैंट का काम करते थे। उन्होंने कहा कि अधिकतर एजैंट रात-दिन पॉलिसी एकत्रित करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करते हैं। बावजूद इसके उनके बैंक खातों में पैसों के नाम पर कुछ नहीं होता। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को घेरते हुए सी.पी.एस. (शिक्षा) नीरज भारती ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल अपने नाम के साथ प्रोफैसर शब्द का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सच्चाई कोई नहीं जानता कि पूर्व सी.एम. कहां के प्रोफैसर थे और किसे पढ़ाते थे।