देवभूमि को नशाभूमि नहीं बनने देंगे: अनुराग

Tuesday, Oct 18, 2016 - 03:13 PM (IST)

नूरपुर: नूरपुर नशा मुक्त अभियान का आगाज जसूर में आयोजित रैली में राष्ट्रीय भाजुयमो अध्यक्ष एवं बी.सी.सी.आई. चीफ अनुराग ठाकुर ने दीप प्रज्वलित करके किया। इसके उपरांत जनसमूह को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा जिला युवा महामंत्री रणवीर सिंह निक्का द्वारा नशा मुक्त नूरपुर अभियान के तहत की गई रैली प्रदेश के लिए एक मिसाल बनेगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ छेड़े इस अभियान में युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए नूरपुर में 5 करोड़ रुपए की लागत से एच.पी.सी.ए. नूरपुर में एक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करेगी। 


उन्होंने कहा कि सरकार यदि जमीन दे तो 12 माह के अंदर क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निक्का जैसे युवा लोग अन्य क्षेत्रों में भी नशे के खात्मे को लेकर आगे आएं तो प्रदेश जल्द ही नशा मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा नेता रणवीर सिंह निक्का की इस सोच को वह दिल से नमन करते हैं। अनुराग ने कहा कि रणवीर सिंह निक्का द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्त नूरपुर अभियान को अब सिर्फ एक व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं बनाना है। इस अभियान को पूरे नूरपुर का अभियान बनाना होगा तभी नूरपुर नशा मुक्त होगा। 


उन्होंने कहा कि इस समय सबसे ज्वलंत मुद्दा नशे का है। अत: हर वर्ग की यह जिम्मेदारी बनती है कि नशा रूपी दानव को कैसे भगाया जाए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश की हिफाजत के लिए समय-समय पर हिमाचल देवभूमि से सैनिकों के अपने प्राणों की आहुति दी है, प्रदेश की इस देवभूमि को नशे की भूमि नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश को आगे बढ़ाना है तो नशे को किसी भी सूरत पर भगाना होगा। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त अभियान की शुरूआत नूरपुर से हुई है, इस अभियान को पूरे प्रदेश तक लेकर जाना है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि नशा मुक्त अभियान में रणवीर सिंह निक्का का साथ दें तथा अगले एक साल तक नूरपुर में हर घर में नशे के खिलाफ अभियान की दस्तक दें।