PM मोदी ने हिमाचली किसानों से की सीधी बात, पूछे ये दो बड़े सवाल

Tuesday, Sep 27, 2016 - 02:39 PM (IST)

पालमपुर (कांगड़ा): सी.एस.आई.आर. के 75वें स्थापना दिवस पर दिल्ली से प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हिमाचल के किसानों से सीधी बात करते हुए दो बड़े सवाल पूछे। बताया जा रहा है कि आई.एच.बी.टी. पालमपुर में जुटे प्रदेश भर के किसानों में एक शिशु पटियाल से नरेंद्र मोदी का पहला सवाल था कि आपके क्षेत्र में बंदरों की समस्या तो नहीं? इस पर शिशु पटियाल ने बताया कि हम फूलों की खेती करते हैं। पॉली हाउस बनाए हैं। अब बंदरों की समस्या हमारे यहां नहीं है। क्योंकि अन्य फसलों की तरह फूलों को बंदर नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। 


इस सवाल का जवाब मोदी ने पलटकर पूछा कि क्या छिड़काव नुकसानदेह नहीं होता? तो शिशु पटियाल ने बताया कि हम वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार ही छिड़काव करते हैं। मोदी का दूसरा सवाल जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के किसान रणवीर सिंह नेगी के लिए था। उन्होंने पूछा कि लाहौल में पारंपरिक खेती के अलावा आप और कौन सी फसलें उगाते हैं। रणवीर सिंह नेगी ने कहा कि हम परंपरागत मटर और आलू की फसल के अलावा अब लिलियम कट फ्लावर खेती की तैयारी कर रहे हैं। 


उन्होंने कहा कि दिल्ली तक हम फूल बेच रहे हैं जो किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ बना रहे हैं। वहीं फूलों के शौकीन शिशु पटियाल ने साल 2008 में सी.एस.आई.आर. पालमपुर में फूलों की खेती की ट्रेनिंग ली। इसके बाद उन्होंने कांगड़ा के कंडवाड़ी में फूल उगाने शुरू किए। अब 6 हजार स्क्वेयर फीट भूमि में फूलों की खेती कर रहे हैं।