10 दिन तक मौन व्रत में रहेंगे केजरीवाल, मिलेगा 2 वक्‍त का खाना, लगी और भी पाबंदियां

Tuesday, Aug 02, 2016 - 12:03 PM (IST)

धर्मशाला: दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 12 अगस्त तक यानी पूरे 10 दिन तक फकीरों वाली जिंदगी जीएंगे। बता दें कि सोमवार को अरविंद केजरीवाल धर्मशाला स्थित प्रख्यात विपश्यना केंद्र धर्मकोट में 10 दिन तक मेडिटेशन के लिए पहुंचे। वह यहां आत्मिक शांति पाने के लिए ध्यान लगाने आए हैं। वह विपश्यना केंद्र में मुख्यमंत्री की तरह नहीं, बल्कि साधु की तरह 10 दिन बिताएंगे।


जानकारी के मुताबिक विपश्यना केंद्र की दिनचर्या और नियमावली के अनुसार केजरीवाल को सुबह 5 बजे उठना होगा। सोने का समय रात 11 बजे होगा। इसके बाद दिन में कई सत्रों में वह ध्यान लगाएंगे और धर्म को लेकर लेक्चर भी होंगे। बता दें कि केजरीवाल केंद्र में किसी से भी सीधे आंख नहीं मिला सकेंगे। 10 दिन तक पूरी तरह मौन व्रत रखना होगा। वह अपने मोबाइल, लैपटॉप आदि का प्रयोग नहीं कर पाएंगे।


केंद्र में केजरीवाल को पीतल के बर्तनों में खाना दिया जाएगा और सोने के लिए एक कमरा। सोने के लिए उन्हें सिर्फ एक कंबल और चादर मिलेगी। इतना ही नहीं दिन में सिर्फ उन्हें 2 समय खाना मिलेगा।  


यह होता है विपश्यना का लाभ
विपश्यना केंद्र के इंचार्ज पवन शर्मा का कहना है कि विपश्यना केंद्र में पहले 4 दिन तक व्यक्ति को शेष दुनिया से कटने में लग जाते हैं। उसके बाद व्यक्ति की आंतरिक शक्तियों को जागृत किया जाता है। इससे आत्मिक शांति मिलती है। मौन व्रत से गुस्से पर नियंत्रण पाया जाता है। विपश्यना 10 दिन का मुफ्त कोर्स होता है।