तिब्बतियन महिला का अवैध कब्जा गिराया

Wednesday, Dec 02, 2015 - 01:14 AM (IST)

मैकलोडगंज: मैक्लोडगंज में तिब्बतियन अतिक्रमणकारी के अवैध निर्माण कार्य को नगर परिषद धर्मशाला ने मंगलवार के दिन कार्रवाई के दौरान गिरा दिया है। जानकारी के अनुसार शहर के बीचोंबीच तिब्बतियन महिला द्वारा सरेआम इस अवैध कब्जे को हाल ही में रातोंरात आलीशान शॉपिंग कॉम्पलैक्स की शक्ल दी जा रही थी।

 

मैक्लोडगंज में अवैध कब्जे करने वाली तिब्बतियन महिला तिब्बतियन व्यापार मंडल की अध्यक्ष बताई जा रही है। उक्त नाजायज कब्जा नप की ओर से मुहैया करवाई गई दुकान की छत के ऊपर किया जा रहा था, वहीं शहर में बेखौफ होकर अवैध निर्माण कार्य के जरिए अपने नाजायज मंसूबों को पूरा करने में लगे तिब्बतियन लोगों को प्रशासन का बिल्कुल भी खौफ नहीं रहा है। मैक्लोडगंज में तिब्बतियन महिला द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण के विषय पर नप के कार्यकारी अधिकारी संजीव सैणी ने बताया कि मैक्लोडगंज में तिब्बतियन के अवैध अतिक्रमण को नप ने मौके पर कार्रवाई के दौरान गिरा दिया है।

 

मैक्लोडगंज के व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेंद्र पठानिया ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से भागसूनाग मार्ग पर साग-भाजी बेचने को मजबूर स्थानीय लोगों को आज तक शैड बनाकर जगह मुहैया नहीं करवाई गई है। उन्होंने बताया कि नप से बिना अनुमति गैर-कानूनी तौर से तिब्बतियन द्वारा किए गए अतिक्रमण से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। ऐसे में धर्मशाला कैसे स्मार्ट सिटी बनेगी।