पूर्व मंत्री किशन कपूर की अधिकारियों को खुली धमकी

Saturday, Dec 05, 2015 - 12:53 PM (IST)

कांगड़ा (जिनेश कुमार): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पूर्व उद्योग मंत्री किशन कपूर ने पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कहा कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने कांग्रेस की आक्रोश रैली में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है, उन्हें भाजपा की सरकार आने पर बख्शा नहीं जाएगा। रैली में कांग्रेस पार्टी की मदद करने वाले सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की लिस्ट व उनके द्वारा किए गए फोनों की रिर्कार्डिंग भाजपा के पास है।


इसके अलावा कांग्रेस की रैली में सरकारी तंत्र का प्रयोग कर भीड़ जुटाई, लेकिन फिर भी यह रैली फ्लाप साबित हुई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान निकाली गई कांग्रेस पार्टी की आक्रोश रैली पूरी तरह से फ्लाप साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैली में कार्यकर्त्ता कम शामिल थे, लेकिन विभिन्न महिला मंडलों सहित मनरेगा के मजदूरों के अलावा स्कूली छात्रों को इस रैली में बुलाया गया था। 


जिला स्तरीय नहीं थी यह रैली
पूर्व उद्योग मंत्री ने इस दौरान कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्त्ता बोल रहे हैं कि यह रैली एक जिला स्तरीय रैली थी, लेकिन इस रैली में पहुंचा फोरलैन संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल जिला मंडी से आया था। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से पूछा है कि क्या मंडी जिला भी कांगड़ा जिला का हिस्सा है, जो कांग्रेसी कह रहे हैं कि उनकी यह रैली जिला स्तरीय रैली थी।