किंग्स इलेवन पंजाब ने धर्मशाला में आई.पी.एल. मैच करवाने की जाहिर की इच्छा

Thursday, Apr 28, 2016 - 09:51 AM (IST)

धर्मशाला: धर्मशाला में आई.पी.एल. मैच होंगे या नहीं, इस पर आगामी 2-3 दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। यह बात एच.पी.सी.ए. प्रवक्ता संजय शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में होने वाले आई.पी.एल. मैचों पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। बुधवार को बी.सी.सी.आई. की तरफ से एच.पी.सी.ए. को पत्र मिला है। पत्र में बताया गया है कि किंग्स इलैवन पंजाब ने धर्मशाला में मैच करवाने की अपनी इच्छा जाहिर की है। बी.सी.सी.आई. के सचिव एवं एच.पी.सी.ए. के अध्यक्ष होने के नाते अनुराग ठाकुर को भी किंग्स इलैवन पंजाब प्रबंधन द्वारा पत्र भेजा गया है।


किंग्स इलैवन पंजाब के मालिक द्वारा भी अनुराग ठाकुर से निवेदन किया गया है कि उनके निवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। वहीं किंग्स इलैवन पंजाब ने एच.पी.सी.ए. अधिकारियों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सरकार द्वारा मैचों के दौरान कई परेशानियां पैदा की गई हैं। उन्होंने बताया कि एच.पी.सी.ए. और सरकार के बीच चली तनातनी का खमियाजा कहीं फ्रैंचाइजी और दर्शकों को न भुगतना पड़े, इसके लिए सरकार से लिखित में सुरक्षा मांगी है। उन्होंने बताया कि यदि सरकार द्वारा लिखित में सुरक्षा की गारंटी दी जाती है, तभी आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।