KCC बैंक ने कर्मचारियों को दिया दिवाली का तोहफा

Tuesday, Oct 25, 2016 - 10:05 AM (IST)

धर्मशाला: कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक में अनुबंध आधार पर अपनी सेवाएं दे रहे सभी कर्मचारियों को बैंक प्रबंधन ने दिवाली का तोहफा दिया है। के.सी.सी. बैंक में अनुबंध आधार पर कार्य कर रहे 400 कर्मचारियों को रैगुलर किया जाएगा। इनके नियमितीकरण का कार्य नवम्बर माह से शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा बैंक प्रबंधन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मैडीकल रिइंबर्समैंट देने का भी निर्णय है। 


उक्त सभी फैसले सोमवार को बैंक मुख्यालय में हुई बी.ओ.डी. की बैठक में  लिए गए। इस बैठक में बैंक के चेयरमैन जगदीश सिपहिया, एम.डी. राखिल काहलों सहित अन्य बी.ओ.डी. के सदस्य मौजूद थे। बैठक के दौरान के.सी.सी. बैंक को ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए बैंक के कर्मचारियों की सराहना की गई। साथ ही बैठक में निर्णय लिया गया कि बैंक में नौकरी करने के दौरान जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को करुणामूलक आधार पर नौकरियां दी जाएंगी।


इसके अलावा बैंक प्रबंधन द्वारा नए ए.टी.एम. खोलने का भी निर्णय बी.ओ.डी. की बैठक के दौरान लिया गया। बी.ओ.डी. की बैठक के दौरान बोर्ड ऑफ डायरैक्टर के सदस्य केशव कोरला पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि उक्त व्यक्ति द्वारा अनाप-शनाप बयानबाजी कर बैंक की छवि को खराब किया जा रहा है। इस निंदा प्रस्ताव की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भी भेजी गई है ताकि उक्त व्यक्ति पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जा सके।


नई ब्रांचें खोलने का फैसला
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की बी.ओ.डी. की बैठक में नई ब्रांचें खोलने का भी निर्णय लिया गया है। बैंक दुर्गम इलाकों में अपनी शाखाएं खोलकर लोगों को लाभान्वित करेगा। जानकारी के अनुसार बैंक ने रामपुर के बरोह में नई ब्रांच खोलने का निर्णय लिया है।