गजब! हिमाचल पुलिस में एक साथ भर्ती हुए बाप-बेटा

Saturday, Jul 30, 2016 - 05:14 PM (IST)

डरोह (कांगड़ा): इसे काबिलियत कहें या फिर संयोग की बात। बता दें कि हिमाचल पुलिस विभाग में पिता, पुत्र और दो सगे भाइयों ने एक साथ सेवाएं देने के लिए प्रवेश किया। एक साथ पी.टी.सी. डरोह में 9 महीनों का प्रशिक्षण प्राप्त कर पिता और पुत्र पासआउट भी हुए।


जानकारी के मुताबिक मूलरूप से शिमला के रहने वाले दो सगे भाई नीरज कुमार और धीरज कुमार एक साथ ही पुलिस में भर्ती हुए। दोनों ने पी.टी.सी. में 15वें आरक्षी बैच में ट्रेनिंग पूरी करके पुलिस विभाग में प्रवेश किया। दोनों प्रथम बीएन जुन्गा शिमला में कल अपनी ज्वाइनिंग देंगे। दूसरी ओर पिता और पुत्र ने भी एकसाथ अपना 9 माह का प्रशिक्षण पी.टी.सी. में एक साथ पूरा किया। हिमाचल पुलिस को वीरवार को पांच नए डी.एस.पी., एक एस.आई. और 691 पुलिस आरक्षी मिल गए। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह में दीक्षांत समारोह के दौरान भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड की सलामी डी.जी.पी. संजय कुमार ने ली।


बताया जा रहा है कि 691 पुलिस प्रशिक्षुओं में से 149 महिला प्रशिक्षु भी पासआउट हुई हैं। डी.जी.पी. ने कहा कि पी.टी.सी. डरोह प्रशिक्षण केंद्र के हर लिहाज से बेहतरीन सेवाएं दे रहा है। इन पुलिस जवानों का प्रशिक्षण प्रदेश के लिहाज से नहीं बल्कि भारत वर्ष की पैरा फोर्सेज और अन्य राज्यों की पुलिस ट्रेनिंग को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। बी.पी.आर.एंड.डी. नई दिल्ली के दिशा-निर्देश से यह प्रशिक्षण करवाया गया है।