पहाड़ पर भी मिलेगा हाई स्पीड इंटरनैट, यह हो रही तैयारी

Monday, Oct 17, 2016 - 03:51 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): देवभूमि के दुर्गम और पिछड़े इलाके में हाई स्पीड इंटरनैट मिल सकेगा। इस काम को पूरा करने के लिए सभी ग्रामीण क्षेत्र ओ.एफ .सी. से जोड़े जाएंगे। प्रथम चरण में 2017 तक 1 लाख ग्राम पंचायतों को ओ.एफ.सी. से जोड़कर इंटरनैट सुविधा पहुंचाने का काम किया जाएगा जबकि द्वितीय चरण में अक्तूबर 2018 तक 1.5 लाख ग्राम पंचायतें इस अभियान का हिस्सा होंगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को वायरलैस व सैटेलाइट माध्यम से सुविधा उपलब्ध करवाने का कार्य होगा। ये शब्द केंद्रीय दूरसंचार एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने धर्मशाला में प्रैस वार्ता के दौरान कहे। 


उन्होंने कहा कि हिमाचल में बी.एस.एन.एल. के लैंडलाइन उपभोक्ताओं की संख्या हम नम्बर 1 पर हैं जबकि मोबाइल में नम्बर 2 स्थान पर हैं। पत्रकार वार्ता से पूर्व दूरसंचार मंत्री ने मुख्य महाप्रबंधक हि.प्र. दूरसंचार परिमंडल शिमला एस.के. गुप्ता, महाप्रबंधक दूरसंचार धर्मशाला सुनील कुमार, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल एम.एल. कालिया, निदेशक डाक सेवाएं निर्मल सिंह व अन्य उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में बैठक भी ली। बैठक में उन्होंने बी.एस.एन.एल. व डाक विभाग के अधिकारियों से प्रगति संबंधी रिपोर्ट तलब की। 


प्रैस वार्ता के दौरान मनोज सिन्हा ने कहा कि 2014 से बी.एस.एन.एल. में निवेश बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार नैक्सट जैनरेशन नैटवर्क के माध्यम से लोगों के लिए डाटा की उपलब्धता भी बढ़े। उन्होंने कहा कि हिमाचल में संचार सुविधाओं में बी.एस.एन.एल. ने प्रगति दर्ज की है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में रेलवे की 2 परियोजनाओं पर काम हो रहा है। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे रूट पर ब्रॉडगेज का काम चल रहा है जबकि जोगिंद्रनगर-मंडी रूट के लिए भी सर्वे स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही इस प्रोजैक्ट पर भी काम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू और नॉर्थ-ईस्ट को नैशनल प्रोजैक्ट के अंतर्गत लेकर काम किया जाएगा।