जिया में लड़की से की छेड़छाड़, युवक काबू

Friday, Sep 23, 2016 - 01:51 AM (IST)

धर्मशाला: पालमपुर उपमंडल के जिया गांव की एक लड़की ने गांव के ही लड़के पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में लड़की का कहना है कि वह अपनी नानी के साथ अकेली रहती है तथा इस दौरान गांव के ही एक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब उसने इसका विरोध किया तो लड़के ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी तथा उसे जान से मारने की धमकी तक दी।


वहीं कुछ देर बाद जब इस मामले की सूचना लड़की की नानी ने समाजसेवी संस्था की अध्यक्ष रक्षा जस्वाल को दी तो इसके बाद उसने इसकी सूचना पालमपुर पुलिस को दी तथा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को नशे की हालत में लड़की के घर से ही गिरफ्तार किया।


महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही समाजसेवी संस्था की संस्थापक रक्षा जस्वाल ने उक्त घटना की निंदा की है। युवक उस लड़की को अभी भी जान से मारने की धमकी दे रहा है।  उन्होंने सरकार से मांग की है कि युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।