बाली यहां भी मार गए बाजी, ''ऐसा'' करने वाले बने पहले मंत्री

Sunday, Sep 25, 2016 - 12:00 PM (IST)

शिमला: जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय नवीकरण मिशन के तहत प्रदेश में लंबे रूटों पर चलाई जा रहीं जे. एन.एन.यू.आर.एम. की बसों से प्रदेश की जनता नाराज है और इस नाराजगी को जनता ने प्रदेश परिवहन मंत्री जी.एस. बाली के साथ भी जाहिर किया है। शुक्रवार शाम 6 बजे फेसबुक के माध्यम से जनता से जुड़े परिवहन मंत्री जी.एस. बाली को लंबे रूटों पर इन बसों को चलाने के लिए जनता ने नाराजगी जाहिर की है।


लंबे रूटों पर इससे पहले भी इन बसों में यात्रियों को हो रही परेशानी की शिकायतें आती रही हैं और अब भी जनता ने इस मामले को परिवहन मंत्री के समक्ष उठाया है। फेसबुक के माध्यम से परिवहन मंत्री से जुड़े अभिनव पंडित ने प्रदेश परिवहन मंत्री से कहा है कि वह हर रोज कांगड़ा से कालका जे.एन.एन.यू.आर.एम. की बस में सफर करते हैं और इस दौरान इस रूट पर प्रतिदिन जाने वाले कर्मचारी परेशान होते हैं। 


अभिनव ने शिकायत की है कि इस दौरान यहां पर दर्जनों लोग जोकि नाइट शिफ्ट करके आते हैं और कुछ अगली शिफ्ट करने के लिए जाते हैं और कुछ की सुबह की शिफ्ट होती है तो ऐसे में उन्हें बस में सीट नहीं मिलती है, वहीं इस बस में सफर के दौरान उन्हें और परेशानी होती है और इसलिए उन्होंने इस बस को बदलकर इस रूट पर किसी और बस को लगाने की मांग की है।