सलियाणा, टांडा खोली व डमटाल में नशीले पदार्थों सहित 4 धरे

Friday, Jun 24, 2016 - 01:19 AM (IST)

कांगड़ा: जिला कांगड़ा के अंतर्गत 3 अलग-अलग स्थानों में पुलिस ने चरस, व चिट्टा सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामले दर्ज कर छानबी शुरू कर दी है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में पंचरुखी पुलिस चौकी टीम ने सलियाणा के पास चत्मथी मार्ग पर 2 बाइक सवारों से 400 ग्राम चरस बरामद कर उन्हें काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों में ओम प्रकाश व वीर बहादुर निवासी मंडी शामिल हैं। डीएसपी विकास धीमान ने मामले की पुष्टि की है।  पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के तहत वीरवार को इंचार्ज पाल सिंह की अगुवाई में देशराज, परमजीत, संजीव व चरण पर आधारित टीम ने सलियाणा के पास चत्थमी मार्ग पर इन बाइक सवारों को रोका और तलाशी के दौरान उनके बैग से 400 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

दूसरे मामले में कांगड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति से चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सागर निवासी टांडा खोली के रूप में हुई है। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने यह चरस कार (नंबर एच.पी. 38डी-8272) से बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

तीसरे मामले में नूरपुर पुलिस ने डमटाल में दबिश देकर एक व्यक्ति को 3 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओम प्रकाश निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। डीएसपी मोहिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। इस मौके पर डमटाल पुलिस चौकी के सह प्रभारी रमेश चंद व हैड कांस्टेबल गोविंद सिंह मौजूद रहे।