दिवाली पर HRTC ने दिया सैलानियों को तोहफा

Wednesday, Oct 19, 2016 - 10:26 AM (IST)

धर्मशाला: दीपों के त्यौहार दिवाली के लिए बाहरी राज्यों से अपने घरों को आने वाले यात्रियों को बसों के लिए नहीं जूझना पड़ेगा।


त्यौहारी सीजन पर एच.आर.टी.सी. के धर्मशाला डिपो से स्पैशल बसों को प्रदेश के बाहर भेजा जाएगा, जो दूरदराज नौकरी करने वाले यात्रियों के लिए वरदान साबित होंगी। इसके अलावा राजधानी शिमला सहित औद्योगिक क्षेत्र बद्दी व नालागढ़ के लिए भी एच.आर.टी.सी. अपनी विशेष बसें उपलब्ध करवाएगा। जानकारी के अनुसार एच.आर.टी.सी. के धर्मशाला डिपो द्वारा उक्त बसों की सुविधा 28 अक्तूबर से शुरू करवा दी जाएगी। एच.आर.टी.सी. के धर्मशाला डिपो द्वारा त्यौहारी सीजन में राजधानी दिल्ली व चंडीगढ़ के लिए आर्डनरी बसों को भेजने की योजना बनाई है। इसके अलावा दिल्ली के लिए 2 स्पैशल वोल्वो बसों को भी रवाना किया जाएगा ताकि लग्जरी सफर का मजा लेने वाले यात्रियों को पहले से सेवाएं दे रही बसें कम न पड़ें।  


इस दिन चलेंगी इतनी बसें
निगम की मानें तो 28 अक्तूबर को राजधानी दिल्ली के लिए 6 स्पैशल बसें जाएंगी। इसके अलावा 29 अक्तूबर को इन बसों की संख्या बढ़ाकर 7 कर दी जाएगी ताकि राजधानी से आने वाले यात्री परेशान न हों। इसके अलावा चंडीगढ़ के लिए 27 अक्तूबर को 1, 28 को 4 तथा 29 अक्तूबर को 5 बसें रवाना की जाएंगी। राजधानी शिमला के लिए 27 को 1, 28 को 2 तथा 29 अक्तूबर को 3 स्पैशल बसें भेजी जाएंगी। इसके अलावा निगम की ओर से 28 व 29 अक्तूबर को राजधानी दिल्ली के लिए 1-1 वोल्वो बस भी भेजी जाएगी। 


30 से शुरू होगी ऑनलाइन बुकिंग
वहीं त्यौहार मनाकर वापस अपने नौकरी स्थल पर जाने वाले यात्रियों को कोई परेशानी न हो, उनके लिए भी स्पैशल बसें मांग के अनुसार चलाई जाएंगी। निगम के अनुसार वापस जाने वाले यात्रियों के लिए बुकिंग की सुविधा 30 अक्तूबर से ऑनलाइन शुरू करवा दी जाएगी ताकि निगम को पता चल सके कि कितनी और बसों की जरूरत यात्रियों को उनके गंतव्य स्थल तक पहुंचाने में होगी।