नेताओं के घर हाजिरियां भर रहे कुछ पुलिस अधिकारी : रवि

Tuesday, Dec 01, 2015 - 11:15 PM (IST)

तपोवन (धर्मशाला): नियम 67 के तहत ही अपनी चर्चा को आगे बढ़ाते हुए रविंद्र सिंह रवि ने आरोप लगाया कि पुलिस के अधिकारी कुछ नेताओं के घरों में हाजिरियां भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के लोग जब नेताओं के पास हाजिरियां लगाएंगे तो कानून व्यवस्था का जायजा कौन लेगा? यह एक गंभीर विषय है।

 

भाजपा विधायक ने कहा कि ज्वालामुखी क्षेत्र आपराधिक गतिविधियों का गढ़ बनता जा रहा है, यहां माहौल बेहद संवेदनशील है। बाहर से आने वाले लोगों के साथ न केवल खींचतान होती है, बल्कि कई प्रकार की घटनाएं भी सुनने को मिलती हैं। रविंद्र रवि ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति यहां बेहद ही चिंताजनक है। यूं तो प्रदेशभर में कानून व्यवस्था संवेदनशील होती जा रही है।

 

कुल्लू में मूर्ति चोरी के बाद मुख्यमंत्री के महल में हुई चोरी के मामले का जिक्र भी भाजपा विधायक ने अपनी चर्चा के दौरान किया। उन्होंने कहा कि कई मामले अभी भी अपराधों से जुड़े हुए अनसुलझे हैं, वहीं डा. रोहित शर्मा की मौत का मामला भी बढ़े हुए अपराध का ही परिणाम है। भाजपा विधायक ने कहा कि जो व्यक्ति दिल्ली से कुल्लू और कुल्लू से बिलासपुर होता हुआ ज्वालामुखी पहुंचा वह आत्महत्या कैसे कर सकता है। यह सीधा-सीधा हत्या से जुड़ा मामला है। भाजपा विधायक ने अपनी चर्चा के दौरान कई बार समाचार पत्र पंजाब केसरी की खबरों का उल्लेख किया।

 

कांगड़ा में कानून व्यवस्था चिंताजनक
रविंद्र रवि ने कहा कि कांगड़ा जिला में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी चिंताजनक है। आए दिन रहस्यमयी स्थितियों में हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि हत्याओं से जुड़े ऐसे मामलों की जांच के लिए पुलिस का एक विंग बने जोकि गहन छानबीन कर दोषियों को कड़ी सजा दिलवाए।