धर्मशाला में चरस सहित 2 गिरफ्तार

Sunday, May 01, 2016 - 09:28 PM (IST)

धर्मशाला : जिला कांगड़ा से नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के चलते धर्मशाला पुलिस ने एक किलो 400 ग्राम चरस बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। चरस के इस काले कारोबार में सिद्धबाड़ी निवासी विक्की उर्फ  काका तथा भरमौर निवासी अनु कुमार को चरस सहित पकड़ा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में चरस की एक बड़ी डील होने वाली है। ऐसे में पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया तथा दोनों को चरस की इस बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।

 

बताया जा रहा है कि ये दोनों इस धंधे में पिछले लंबे समय से काम कर रहे थे। चरस की यह खेप चम्बा के भरमौर क्षेत्र से लाई गई, जिसका सौदा धर्मशाला में किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ  एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि आरोपियों को पकड़कर उनसे पूछताछ चल रही है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।