कांग्रेस नेता पर नकाबपोशों ने किया जानलेवा हमला, तोड़े हाथ-पैर

Wednesday, Aug 24, 2016 - 11:23 AM (IST)

धर्मशाला: मंगलवार शाम को कुछ अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने एक कांग्रेस नेता पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर घात लगाकर बैठे थे तथा मौका मिलते ही कांग्रेस नेता पर हमला शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता व हिमफैड के निदेशक अरुण विष्ट पर मंगलवार शाम को साढ़े 7 बजे के करीब सिद्धबाड़ी में कुछ नकाबपोश लोगों ने हॉकी व डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। अरुण विष्ट का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में चल रहा है। 
 
अरुण विष्ट ने पुलिस को बयान दिया है कि जब वह स्कूटी पर अपने घर जा रहे थे तो उस दौरान सिद्धबाड़ी में बिना नंबर की एक सैंट्रो कार ने उन्हें पहले टक्कर मार कर गिरा दिया। इसके बाद कार से 3 नकाबपोश लोगों ने उन पर हॉकी तथा डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनकी बाएं हाथ की अंगुली, बाजू व टांगों में फै्रक्चर हुआ है। उन्होंने बताया कि गाड़ी में नंबर प्लेट भी नहीं थी तथा हमले के बाद लोग गाड़ी में पालमपुर की ओर रवाना हो गए।
 
बीच सड़क में हुई गुंडागर्दी की इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस संदर्भ में पुलिस को सूचित करने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल से महज 100 मीटर की दूरी पर बैठी पुलिस को वहां पहुंचने में 1 से डेढ़ घंटे का समय बीत गया, ऐसे में लोगों में पुलिस के प्रति भी कड़ा रोष पनपा। कुछ देर के बाद पहुंची पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में अरुण विष्ट का बयान कलमबद्ध किया, वहीं इस दौरान सीआईडी ने भी उनसे बयान लिया। इस बारे एसपी कांगड़ा संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।