BSNL उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी

Wednesday, Sep 28, 2016 - 11:43 AM (IST)

धर्मशाला: बी.एस.एन.एल. के मोबाइल ग्राहकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बताया जा रहा है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत घर-घर को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। आप्टिकल फाइबर अत्याधुकिन शीशे की तार है, जो कि बिना किसी परेशानी के इंटरनेट की सुविधा प्रदान करती है। इतना ही नहीं अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर की कोई मरम्मत किए जाने की आवश्यकता भी नहीं होती है।


इससे स्मार्ट शहर के लोगों को बेहतर संचार सुविधाएं बिना रुकावट के मिल सकेंगी।  बी.एस.एन.एल. के उपभोक्ताओं के लिए आयोजित बंपर-ड्रा के अवसर पर कैप्टन जेएम पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते ये शब्द कहे। उन्होंने कहा कि जनता को अत्याधुनिक एवं बेहतर संचार सुविधाएं प्रदान करने के लिए स्मार्ट विकल्प ढूंढे जाएंगे। योजनाबद्ध ढंग से घर द्वार को ओएफसी केबल से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को पोल मुक्त किया जाएगा और इसके लिए बी.एस.एन.एल. से भी सहयोग लिया जाएगा।


विशेषज्ञों की राय से कार्य को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्मार्ट सिटी के प्रति बी.एस.एन.एल. द्वारा सकारात्मक दृष्टिकोण की प्रशंसा भी की। इस अवसर पर बी.एस.एन.एल. महाप्रबंधक सुनील कुमार ने स्मार्ट-सिटी प्रोजेक्ट को लेकर विभिन्न प्रस्तावों पर प्रकाश डाला, और एक विस्तृत रिपोर्ट का प्रदर्शन किया। जिसमें स्मार्ट-सोल्यूशन के माध्यम से संचार सुविधाओं को बेहतर बनाने के विकल्प सुझाए गए। इस अवसर पर एक अगस्त से 24 सितंबर तक उपभोक्ताओं को आकर्षक योजना के तहत दिए गए कूपनों के आधार पर एक बी.एस.एन.एल. बंपर-ड्रा का आयोजन किया गया।