करंट लगने से एक की मौत, एक घायल

Friday, Jul 01, 2016 - 01:55 AM (IST)

पंचरुखी: ग्राम पंचायत बयाड़ा के एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रीतम निवासी बयाड़ा के रूप में हुई है। उक्त व्यक्ति नाले में टुल्लू पंप लगाने का प्रयास कर रहा था और उसी समय करंट का झटका लगने से बेहोश हो गया। चिकित्सक तक पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना है कि क्षेत्र में बारिश न होने से धान की बिजाई में हो रही देरी को देखते हुए प्रीतम ने नाले में टुल्लू पंप लगाया था।

 

उधर, चढियार के भुलाणा में विद्युत कर्मचारी करंट लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान विद्युत कर्मचारी प्रकाश चंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह वीरवार सुबह भुलाणा में बिजली ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था कि अचानक बिजली के पोल में करंट आ जाने के कारण वह नीचे गिरकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र चढियार पहुंचाया, जहां से उसे पालमपुर सिविल अस्पताल रैफर कर दिया गया। कर्मचारी की हालत स्थिर बनी हुई है।