कृषि विश्वविद्यालय में 12वें स्थायी कुलपति की नियुक्ति पर सस्पैंस

Friday, Jul 29, 2016 - 12:54 AM (IST)

पालमपुर: अटकलों-कयास के मध्य कृषि विश्वविद्यालय में 12वें स्थायी कुलपति की नियुक्ति को लेकर जारी कशमकश अंतिम दौर में जा पहुंची है। इस सीट पर किसकी ताजपोशी होगी इसे लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर विश्वविद्यालय भर में चर्चा जारी है। अंदरूनी-बाहरी या सरकारी अधिकारी की नियुक्ति को लेकर कयास जारी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि 31 जुलाई को वर्तमान कुलपति का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वानिकी एवं उद्यानिकी विश्वविद्यालय सोलन की तर्ज पर फिलहाल किसी अधिकारी को कुलपति का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा जा सकता है। कुछ तर्क वर्तमान कुलपति को पुन: नियुक्ति दिए जाने को लेकर भी दिए जा रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि लगभग 2 दर्जन लोगों ने इस सीट के लिए अपनी दावेदारी जताई है, जिनमें विश्वविद्यालय में कार्यरत अनेक प्रमुख वैज्ञानिक भी शामिल हैं। वर्तमान व इससे पूर्व के कार्यकाल का दायित्व विश्वविद्यालय में कार्यरत रहे वैज्ञानिकों द्वारा ही संभाला गया है। ऐसे में क्या तीसरी बार किसी स्थानीय व्यक्ति को विश्वविद्यालय के कुलपति का दायित्व सौंपा जा सकता है। इसे लेकर भी अपने-अपने कयास लगाए जा रहे हैं।

 

विश्वविद्यालय में अब तक की अवधि में 11 स्थायी कुलपति रहे हैं तो 7 व्यक्तियों ने कार्यकारी कुलपति का कार्यभार संभाला है। इनमें 2 प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे हैं। वानिकी एवं उद्यानिकी विश्वविद्यालय सोलन में 25 जुलाई को कुलपति कार्यकाल समाप्त होने के पश्चात प्रधान सचिव बागवानी को कुलपति को कार्यभार सौंपे जाने के बाद कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में अटकलें जोरों पर हंै।