डी.सी. ने तय किए खाने के दाम

Friday, Jun 24, 2016 - 11:43 AM (IST)

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में डी.सी. कांगड़ा रितेश चौहान द्वारा परचून विक्रय मूल्य की दरें जारी की गई हैं, जिसमें उन्होंने बताया कि कांगड़ा का कोई भी व्यापारी तथा निर्माता उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक मूल्य नहीं ले सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आवश्यक वस्तुओं के विक्रय मूल्य की जो दरें निर्धारित की गई थीं, वे आगामी 2 महीने तक यथावत रहेंगी।

भले ही जिला प्रशासन द्वारा इन रेट लिस्टों को जारी कर दिया गया हो लेकिन ढाबा संचालकों तथा दुकानदारों द्वारा इन पर अमल करना तो दूर इसके आसपास भी खाद्य वस्तुएं नहीं बेची जाती हैं। जिला प्रशासन द्वारा थोड़े-थोड़े समय के बाद रेट लिस्टों को जारी किया जाता है जबकि आम लोगों को इसका कोई खास फायदा नहीं होता। उनसे जिला प्रशासन द्वारा तय रेटों से कहीं अधिक रेट वसूल किए जाते हैं।

अब तो दबी जुबान में लोग भी कहने लगे हैं कि प्रशासन द्वारा जारी किए जाने वाले ये रेट दिखावा मात्र ही हैं जबकि इन पर कोई अमल नहीं किया जाता है। उल्लेखनीय है कि जिला कांगड़ा में आवश्यक वस्तुओं की समस्त करों सहित निर्धारित परचून विक्रय मूल्य की दरें आगामी 2 महीने तक यथावत रखने के आदेश डी.सी. कांगड़ा रितेश चौहान ने हिमाचल प्रदेश जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी उन्मूलन के आदेश 1977 के खंड-3 (1)(ई) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए दिए हैं।