उत्तरी कमान कमांडर देवराज अंबु ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री से की मुलाकात

Wednesday, May 30, 2018 - 10:10 AM (IST)

जम्मू/श्रीनगर : उत्तरी सेना कमांडर जनरल देवराज अंबु, जिन्हें सेना का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, उन्होंने आज राजभवन में राज्यपाल एन.एन. वोहरा से भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने लै. जनरल अंबु के साथ मौजूदा सुरक्षा स्थिति, अंतर्राष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघनों से उत्पन्न होने वाली गम्भीर समस्याओं व शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा प्रबंधों पर चर्चा की। राज्यपाल ने लै. जनरल अंबु की सेना मुख्यालय में उनके महत्वपूर्ण कार्य में उच्च सफलता की कामना की।

इसके बाद उत्तरी कमांड के जी.ओ.सी. लैफ्टिनैंट जनरल देवराज अंबु ने आज मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात की। वहीं बैठक के दौरान सेना कमांडर ने राज्य में विशेष रूप से रमजान युद्ध विराम की घोषणा के बाद सुरक्षा परिदृश्य के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेना कमांडर को अन्य सुरक्षा एजैंसियों के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी और यह सुनिश्चित किया कि आम जनता के बीच युद्ध विराम द्वारा उत्पन्न राहत तथा आशा को निरंतर बनाए रखा जाए।

उन्होंने सेना से पवित्र माह के दौरान लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए कहा। वहीं लै. जनरल अंबु ने मुख्यमंत्री को राज्य में सीमाओं, विशेष रूप से अंतर्राष्ट्रीय सीमा के साथ स्थिति और इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अगली नियुक्ति में जनरल अंबु की सफलता की कामना भी की।

kirti