सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ युकां करेगी उग्र आंदोलन

Saturday, Dec 05, 2020 - 06:55 PM (IST)

कांगड़ा (किशोर): प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि हिमाचल सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ  उग्र आंदोलन पर उतरेगी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव रघुवीर सिंह बाली व युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सशक्त किया जाएगा। उसके बाद  भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ  आंदोलन होगा। उन्होंने कहा इस समय मुद्दा बेरोजगारी का है और किसान दिक्कत में है। हिमाचल प्रदेश कोरोना कैपिटल बन गया है। यह सब डबल इंजन की सरकार में हुआ है। देश में मौजूदा समय में कोरोना हिमाचल में नम्बर वन पर है। भंडारी ने कहा कि पीपीई घोटाला प्रदेश में हुआ लेकिन महज प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा लिया गया। उनका कहना है कि लोगों के सामने सच आना चाहिए और इस घपले में शामिल लोगों के नाम सरकार सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि बिना ऑक्सीजन के मरीज अस्पतालों में तड़प रहे हैं।

कोरोना मरीजों को अस्पताल के बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया  पंचायत स्तर पर युवा कांग्रेस के सम्मेलन होंगे। निगम भंडारी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस युवा कांग्रेस कार्यकारिणी में 9 महिला पदाधिकारी बनाई गई हैं और 4 जिलों में दलित अध्यक्ष बनाए गए हैं। यानी सभी वर्गों को तरजीह दी गई है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव आरएस बाली ने कहा कि एक की एक तजुर्बे कार युवा को प्रदेश युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने तमाम पदाधिकारियों को सजग किया कि वे बेरोजगारी व सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ  मुद्दे उठाएं और गांव-गांव बूथ स्तर पर जाएं। इस मौके पर कांग्रेस नेता मनमोहन पठानिया, अरुणा महाजन, हेमंत शर्मा, राकेश नेगी, विजेंद्र करण व सुजीत भरमौरी सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

Jinesh Kumar