साथियों के साथ यमुना नदी में नहाने उतरा UP का युवक डूबा, पुलिस तलाश में जुटी

Sunday, May 28, 2023 - 07:38 PM (IST)

पांवटा साहिब (संजय): यमुना नदी में नहाते समय शनिवार देर रात एक युवक डूब गया, जिसका रविवार को भी कुछ पता नहीं चल पाया है। रविवार को भी गोताखोरों की मदद से नदी में लापता हुए युवक की तलाश जारी रही। जानकारी के अनुसार संजय यादव (22) पुत्र राजपाल यादव निवासी बागपत सिंघावली उत्तर प्रदेश लाइट सजाने का काम करता है। वह पिछले 12 दिनों से अपने साथी सुखविंदर सिंह व मोनू के साथ पांवटा साहिब के गुरुद्वारा साहिब में लाइट सजाने का काम कर रहे थे। शनिवार देर रात संजय यादव अपने साथियों के साथ यमुना नदी में नहाने चला गया। कुछ देर नहाने के बाद युवक पानी में डूबने लगा। इस दौरान अन्य साथियों ने उसे पानी से निकालने का प्रयास किया लेकिन वह गहरे पानी में चला गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। 

घर का इकलौता बेटा, अकेली मां का रो-रो कर बुरा हाल
संजय के ताया बिशन सिंह यादव व राज सिंह यादव ने बताया कि वह परिवार में इकलौता बेटा है। 15 वर्ष पहले संजय के पिता राजपाल का भी निधन हो गया था। परिवार में वह इकलौता कमाने वाला है। घर पर केवल उसकी मां सावित्री रहती है। बेटे की डूबने की सूचना मिलने के बाद से ही उसका रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक युवक के यमुना नदी में डूबने की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay