युवक ने पुल से लगाई छलांग, गंभीर हालत में पहुंचाया अस्पताल

Friday, Jul 30, 2021 - 09:23 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): सदर पुलिस थाना के तहत शुक्रवार को शाम के वक्त एक युवक ने अचानक चांदपुर पुल से छलांग लगा दी। पुल के नीचे घास काट रही महिलाओं ने तत्काल बामटा पंचायत प्रधान को सूचित किया और प्रधान ने अन्य लोगों की मदद से युवक को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शाम के समय चांदपुर पुल पर एक युवक पैदल चल रहा था और उसने एकाएक पुल से छलांग दी, जिससे वह खेतों की तरफ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के गिरते ही वहां पर घास काट रही महिलाओं ने इसकी सूचना बामटा पंचायत प्रधान विक्रम ठाकुर को दी। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुछ युवाओं की मदद से युवक को कंधों पर उठाकर सड़क तक फिर एम्बुलैंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया।

युवक जुखाला के आशा मजारी का रहने वाला बताया जा रहा है। उसने आत्महत्या करने का प्रयास क्यों किया, इसका पता नहीं चल पाया है। डीएसपी बिलासपुर राज कुमार ने बताया कि युवक की पहचान अश्विनी (20) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घायल का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दी गई है। उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि उसने किस कारण छलांग लगाई।

Content Writer

Vijay