नशे में धुत्त मनचले को लड़की से छेड़छाड़ पड़ी महंगी, लोगों ने ऐसे उतारा आशिकी का भूत

Sunday, Aug 05, 2018 - 02:51 PM (IST)

भोरंज: उपमंडल के एक कस्बे में कालेज से घर जा रही एक लड़की के साथ रास्ते में एक युवक ने छेड़छाड़ की। युवक को आशिकी के चक्कर में रात को हवालात की हवा खानी पड़ी है। मिली जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर एक प्रमुख व्यापारिक कस्बे की एक लड़की हर रोज की तरह कालेज से अपने घर जा रही थी तो पीछे से एक युवक शराब के नशे में उसका पीछा करते हुए आया। लड़की को अकेला देखकर घर से कुछ ही दूरी पर रास्ते में छेडख़ानी करने लगा। इससे घबराई लड़की ने शोर मचाया और शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

बाजार से नए कपड़े खरीदकर बदली ली पहचान
इतने में युवक वहां से भाग निकला और बाद में स्थानीय कस्बे के बाजार से नए कपड़े खरीदकर अपनी पहचान बदल ली और वहीं पर घूमने लगा। इतने में युवक की तलाश कर रहे लोगों ने चौक पर ही उसे पकड़ लिया और मनचले आशिक की वहीं पर ही धुनाई कर दी। इस दौरान लोगों का हुजूम लग गया और मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। इससे आफत में फंसी शराबी आशिक  की जान बच गई। इस दौरान पुलिस ने युवक के परिजनों को भी बुलाया, जिसमें कपड़े खरीदने की बात सामने आई। इस घटना की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है।

जमानत पर छोड़ा युवक
उधर, भोरंज पुलिस थाना प्रभारी परमजीत का कहना है कि छेडख़ानी करने वाला युवक नशे में था और घर से कपड़े खरीदने के लिए आया था। नशे की हालत में लड़की के साथ पांव लगने से छेडख़ानी की बात सामाने आई है। इसलिए पुलिस ने आरोपी युवक को पुलिस अधिनियम 107, 151 के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया और बाद में एस.डी.एम. भोरंज की अदालत में पेश करके जमानत पर छोड़ दिया गया।

Vijay