बढ़ती महंगाई के विरोध में सड़कों पर उतरी युवा कांग्रेस, जोगिंद्रनगर में रैली निकाल किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Apr 14, 2021 - 05:39 PM (IST)

जोगिंदरनगर (लक्की शर्मा): बुधवार को युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी की अध्यक्षता में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती हुई महंगाई के विरोध में जोगिंद्रनगर बस स्टैंड से एनएसी मार्कीट तक विरोध प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। इस दौरान युवा कांग्रेस ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा बढ़ाए गए रसोई गैस, डीजल-पैट्रोल एवं अन्य चीजों के दामों को कम करने की मांग की। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि जिस प्रकार से केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता पर दिन-प्रतिदिन बढ़ती महंगाई का बोझ डाला जा रहा है, वह बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में कभी भी इतनी महंगाई नहीं हुई थी।

उन्होंने कहा कि यह हैरानी वाली बात है कि यूपीए सरकार में थोड़ी सी महंगाई होने पर बवाल मचाने वाले भाजपा के नेता एवं अन्य कार्यकर्ता आज भाजपा कार्यकाल में चरम सीमा पर बढ़ती हुई महंगाई का विरोध करने की बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सभी चीजों में बढ़ाई गई कीमतों को कम करना चाहिए ताकि आम जनता को महंगाई से कुछ राहत मिल सके। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव व अधिवक्ता जीवन ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ राकेश धरवाल, ब्लॉक यूथ अध्यक्ष कमल ठाकुर, नगर परिषद जोगिंद्रनगर अध्यक्ष अजय धरवाल सहित अनेकों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News