विस चुनाव को लेकर युकां ने वीरभद्र के लिए हाईकमान से की यह मांग, पढ़ें खबर

Thursday, Sep 14, 2017 - 09:18 PM (IST)

शिमला: पार्टी में जारी घमासान के बीच युवा कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को फ्री हैंड देने की मांग कर डाली है। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस ने वीरवार को एक प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को भेजा है। इसमें कहा गया है कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही कांग्रेस पार्टी की जीत विधानसभा चुनाव में संभव है। पार्टी के अग्रणी संगठन युकां केइस प्रस्ताव ने वीरभद्र सिंह विरोधी खेमे की दिक्कतें बढ़ा दीं हंै। युवा कांग्रेस की एक अहम बैठक वीरवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में हुई। इस बैठक में युकां पदाधिकारियों ने एक सुर में सी.एम. वीरभद्र सिंह को चुनाव प्रक्रिया में फ्री हैंड देने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में उन्हीं के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार रिपीट हो सकती है। बैठक में पदाधिकरियों ने कहा कि बीते 5 वर्षों में सी.एम. के नेतृत्व में विकास के जो आयम स्थपित किए गए, उसी के नाम व काम पर जनता से पार्टी वोट मांगेगी। 

झूठ बोलकर गुमराह करना भाजपा का एकमात्र उद्देश्य
बैठक को संबोधित करते हुए युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा के पास विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को घेरने का कोई भी ठोस राजनीतिक मुद्दा नहीं है, ऐसे में भाजपा का एकमात्र उद्देश्य झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का है। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे आरोपों का जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों और क्षेत्रों में पूरे तन-मन से जुट जाएं और भाजपा के दुष्प्रचार से लोगों को सचेत करें। भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रभारी बीर दवेंद्र सिंह शम्मी सिद्धू ने कहा कि प्रदेश में चुनाव को लेकर युकां पदाधिकारियों की भावनाओं से वे केंद्रीय आलाकमान को अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि इन विधानसभा चुनावों में युवाओं की भूमिका अहम व प्रमुख रहेगी। इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव राजा पवार तथा सचिव एवं सहप्रभारी राम विशाल देव ने भी अपने विचार रखे। इसके साथ ही बैठक को युवा नेता यदुपति ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

दमदार युवा प्रत्याशियों की सूची तैयार
बैठक में युवा कांग्रेस के ऐसे दमदार चेहरों की सूची भी तैयार की, जिन पर विस चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के तौर पर दांव लगाया जा सकता है। इस दौरान संबधित चेहरों के परफार्मेंस का आकलन भी किया गया। सूचना के अनुसार इसी कड़ी में अब युकां द्वारा उक्त सूची को भारतीय युवा कांग्रेस, पी.सी.सी और सी.एम. वीरभद्र सिंह को भेजा जाएगा। बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर तैयार होने वाले कांग्रेस के विजन डाक्यूमैंट में शामिल किए जाने वाले युवाओं के मुद्दों पर भी विचार किया गया। युकां अध्यक्ष ने कहा कि संगठन टिकट के लिए कोई कोटा नहीं मांगेगा।

एक व्यक्ति टिकट तय नहीं करता
युकां अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में किसे टिकट मिलेगा, यह पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति तय करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई एक व्यक्ति टिकट तय नहीं कर सकता है और न ही वह कोई लिस्ट बनाकर आगे भेज सकता है। यदि किसी ने ऐसा किया है तो उसे पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ऐसी लिस्ट को महत्व नहीं देंगे। वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रत्याशियों की सूची हाईकमान को सौंपने की चर्चा को लेकर पूछे गए सवाल पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हाईकमान पूरी प्रक्रिया अपनाने के बाद जिताऊ उम्मीदवारों को प्रत्याशी बनाएगा।