महंगाई के खिलाफ ऊना में गरजी युवा कांग्रेस, केंद्र सरकार को जमकर कोसा

Wednesday, Nov 21, 2018 - 05:46 PM (IST)

ऊना (अमित): हिमाचल में महंगाई व गैस सिलैंडर के बढ़ते दामों को लेकर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने ऊना में बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मुनीष ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश भर से आए युवा कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकाल केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अम्ब रोड ऊना से शुरू हुई रैली सब्जी मंडी होते हुए मिनी सचिवालय में आकर संपन्न हुई, जहां पर युवा कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक अपना प्रदर्शन जारी रखा। युकां प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि महंगाई की मार से गरीब एवं मध्यम वर्ग काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े 4 सालों मेें कमरतोड़ महंगाई की है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. सरकार के समय जहां गैस सिलैंडर का दाम 424 रुपए था, वहीं अब बढ़कर 1035 रुपए हो गया है।



विधानसभा का घेराव करेगी युवा कांग्रेस

रोष रैली के बाद युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की, वहीं प्रदेश की जयराम सरकार को घेरने की रूपरेखा भी बनाई। युकां प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। आए दिन बलात्कार और हत्यायों के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 10 दिसम्बर से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में युवा कांग्रेस प्रदेश सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने के लिए विधानसभा का घेराव करेगी।

Vijay