नाहन में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, कांग्रेस के बागियों सहित भाजपा नेताओं का फूंका पुतला

Sunday, Mar 24, 2024 - 06:08 PM (IST)

नाहन (आशु): कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित बागी विधायकों सहित प्रदेश भाजपा के 2 नेताओं का यूथ कांग्रेस नाहन ने सामूहिक पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया, साथ ही उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थानीय कांग्रेस भवन के नजदीक यूथ कांग्रेस के करीब दर्जन भर कार्यकर्त्ताओं ने यूथ कांग्रेस नाहन के अध्यक्ष आमिर खान के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया। इस मौके पर आमिर खान ने कहा कि भाजपा के साथ मिलकर जिस तरह से कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित विधायकों ने वर्तमान कांग्रेस सरकार को गिराने का प्रयास किया है, वह प्रदेश के लिए निंदनीय है, साथ ही यूथ कांग्रेस भी इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।

आमिर खान ने कहा कि भाजपा जिस तरह से राजनीति कर रही है, वह देश व प्रदेश के लिए सही नहीं है और जनता इसका जवाब लोकसभा सहित प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में देगी। बता दें कि कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित बागी विधायक सहित 3 निर्दलीय विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। उसके बाद प्रदेश की राजनीति पूरी तरह से गर्मा चुकी है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के देशराज लबाना, अमन ठाकुर, योगेश, लियाकत, गौतम चौहान, अतुल ठाकुर व रूपेश आदि कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay